Top News
Next Story
NewsPoint

Ratan Tata Live Updates: रतन टाटा का पार्थिव शरीर NCPA पहुंचा

Send Push

Jagruk Youth News, 10 october 2024, New Delhi , Ratan Tata Funeral Live Updates: टाटा सन्स चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन रतन टाटा के निधन से पूरा देश शोक में डूबा है। 86 साल की उम्र में उन्होंने बुधवार देररात मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर सुनते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके शोक जताया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उद्योगपति मुकेश अंबानी मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे। मुख्यमंत्री शिंदे ने मीडिया कर्मियों को रतन टाटा के निधन की खबर दी। रतन टाटा के निधन पर शोक जताने वालों के रिएक्शन्स के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें Jagruk Youth News के साथ…

रतन टाटा का पार्थिव शरीर NCPA के लिए रवाना


रतन टाटा का पार्थिव शरीर NCPA के लिए रवाना हो गया है। मरीन ड्राइव रोड होते हुए शवयात्रा वहां पहुंचेगी। इस दौरान पुलिस बैंड ने उनको श्रद्धांजलि दी। राजकीय सम्मान के लिए पुलिस के जवान मौजूद रहे। 10 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक लोग रतन टाटा को अंतिम दर्शन कर पाएंगे।


09:45 (IST) 10 Oct 2024
रतन टाटा को भारत रत्न देने की मांग


शिवसेना शिंदे गुट ने रतन टाटा को भारत रत्न देने की मांग की है। शिवसेना के नेता और सीएम के करीबी राहुल कनाल ने सीएम को पत्र लिखकर यह मांग की है कि भारत रत्न के लिए राज्य सरकार रतन टाटा का नाम प्रस्तावित करे। महाराष्ट्र कैबिनेट में आज सिर्फ श्रद्धांजलि दी जाएगी। राज्य सरकार आज कोई बड़ा फैसला नहीं लेगी। टाटा के निधन से सरकार आहत है।

09:35 (IST) 10 Oct 2024


गृह मंत्री अमित शाह ने जताया शोक


देश के गृह मंत्री अमित शाह ने रतन टाटा के निधन पर शोक जताया। उन्होंने ट्वीट लिखा कि प्रसिद्ध उद्योगपति और सच्चे राष्ट्रवादी रतन टाटा के निधन से गहरा दुख हुआ है। उन्होंने निस्वार्थ भाव से अपना जीवन हमारे राष्ट्र के विकास के लिए समर्पित कर दिया। जब भी मैं उनसे मिला, भारत और उसके लोगों की भलाई के प्रति उनके उत्साह और प्रतिबद्धता ने मुझे आश्चर्यचकित कर दिया। हमारे देश और इसके लोगों के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के कारण लाखों सपने साकार हुए। समय रतन टाटा को उनके प्यारे देश से दूर नहीं कर सकता। वह हमारे दिलों में जीवित रहेंगे। टाटा समूह और उनके अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

09:18 (IST) 10 Oct 2024


गौतम अडानी ने जताया शाेक
रतन टाटा के निधन पर उद्योगपति गौतम अडानी ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट लिखा कि भारत ने एक महान, दूरदर्शी व्यक्ति को खो दिया है, जिसने आधुनिक भारत के पथ को पुनर्परिभाषित किया। रतन टाटा सिर्फ एक बिजनेस लीडर नहीं थे, उन्होंने अखंडता, करुणा और व्यापक भलाई के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के साथ भारत की भावना को मूर्त रूप दिया। उनके जैसे महापुरुष कभी फीके नहीं पड़ते।


09:03 (IST) 10 Oct 2024


छत्तीसगढ़ CM ने जताया शोक
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रतन टाटा के निधन पर शोक जताया। उन्होंने ट्वीट किया कि पद्म भूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित रतन टाटा के निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने भारतीय उद्योग को उच्चतम स्तर पर स्थापित किया। भारतीय उनके उल्लेखनीय कार्यों को हमेशा याद रखेंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, स्वच्छता, मानव कल्याण और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में उनका योगदान मिसाल था। उनका निधन भारत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। देश और समाज में बेहतर बदलाव के लिए उनके द्वारा किए गए अभूतपूर्व कार्य हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। मैं ईश्वर से विनम्र प्रार्थना करता हूं कि वह दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को शक्ति प्रदान करें।

08:55 (IST) 10 Oct 2024


सचिन तेंदुलकर अंतिम दर्शन करने पहुंचे
सचिन तेंदुलकर रतन टाटा के अंतिम दर्शन करने के लिए उनके घर पहुंचे। कोलाबा स्थित रतन टाटा के घर के बाहर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। ओबेरॉय होटल से आगे मरीन ड्राइव रोड बंद है क्योंकि पुलिस ने एनसीपीए की ओर जाने वाली सड़क को घेर लिया है। यहां से उनका पार्थिव शरीर NCPA ले जाया जाएगा, जहां उनके अंतिम दर्शन लोग कर सकेंगे।


08:47 (IST) 10 Oct 2024


झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने रतन टाटा के असामयिक निधन पर प्रदेश में एक दिन का राजकीय शोक की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने दुख एवं संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि रतन टाटा देश के अनमोल रत्न थे। उन्होंने उद्योग जगत के साथ-साथ समाजसेवा एवं परोपकार के क्षेत्र में देश और दुनिया में अपनी अमिट छाप छोड़ी है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है। वे एक सच्चे राष्ट्रवादी थे, उनका जीवन उपलब्धियों से भरा रहा है। रतन टाटा देशवासियों के दिलों में राज करते थे।

08:35 (IST) 10 Oct 2024


प्रधानमंत्री मोदी ने रतन टाटा के परिवार से की बात
प्रधानमंत्री मोदी ने रतन टाटा के परिवार से बात की है। उन्होंने रतन टाटा के भाई नोएल टाटा से फोन पर बात की और शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने नोएल टाटा को गृह मंत्री अमित शाह रतन टाटा के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बारे में भी कहा।

08:34 (IST) 10 Oct 2024

रक्षा मत्री राजनाथ सिंह ने जताया शोक


रतन टाटा के निधन पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट लिखा कि रतन टाटा के निधन से दुःख हुआ। वह भारतीय उद्योग जगत के महान नायक थे, जिन्हें हमारी अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए जाना जाता है। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। उसकी आत्मा को शांति मिलें।

Explore more on Newspoint
Loving Newspoint? Download the app now